बिहार चुनाव : मतदान से ठीक पहले जन सुराज उम्मीदवार भाजपा में शामिल

पटना (एजेंसी)। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक एक दिन पहले, मुंगेर विधानसभा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
संजय कुमार सिंह ने यह कदम राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशी कुमार प्रणय की उपस्थिति में उठाया। उनके इस दल-बदल से मुंगेर के चुनावी समीकरणों में बड़ा परिवर्तन होने की उम्मीद जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, संजय सिंह ने यह भी घोषणा की है कि वह भाजपा उम्मीदवार कुमार प्रणय के समर्थन में सक्रिय रूप से प्रचार करेंगे।
भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय ने संजय कुमार सिंह का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि, “उनके आने से भाजपा का संगठन और सशक्त होगा, जिससे मुंगेर में एनडीए की जीत सुनिश्चित है।” इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में जोरदार चर्चाएँ हैं। वोटिंग से ऐन पहले हुए इस बदलाव को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण चुनावी लाभ के रूप में देखा जा रहा है।
















