छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क का कायाकल्प : तीन स्टेशनों के आधुनिक स्वरूप का हुआ उद्घाटन

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश भर में रेलवे के बुनियादी ढांचे को तेजी से अपग्रेड किया जा रहा है, जिसका सीधा फायदा छत्तीसगढ़ को मिल रहा है। ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत प्रदेश के तीन महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों—चांपा, बालोद और सरोना—के पुनर्विकास कार्य का प्रधानमंत्री द्वारा डिजिटल माध्यम से लोकार्पण किया गया। इस बड़ी सौगात पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया (X) के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि केंद्र सरकार के मजबूत सहयोग से छत्तीसगढ़ में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को एक नई रफ्तार मिली है। इन स्टेशनों पर यात्रियों को अब पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, आसान और सुखद यात्रा का अनुभव होगा। आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगों के अनुकूल विशेष व्यवस्थाएं, साफ-सफाई और उन्नत तकनीक जैसी सुविधाओं से आम जनता को विश्वस्तरीय सफर का लाभ मिलेगा।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि रेलवे सिर्फ सफर का जरिया नहीं है, बल्कि यह आर्थिक और सामाजिक प्रगति की रीढ़ है। चांपा, बालोद और सरोना स्टेशनों के आधुनिक होने से स्थानीय व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को काफी मजबूती मिलेगी, जिससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि राज्य और केंद्र की ‘डबल इंजन’ सरकार के तालमेल से छत्तीसगढ़ में रेल लाइनों के विस्तार, दोहरीकरण और बिजलीकरण का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है, जो ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के सपने को सच करने में मील का पत्थर साबित होगा।
















