छत्तीसगढ़ समेत 12 राज्यों के ग्रामीण गरीबों को बड़ी सौगात : पक्के घर के लिए ₹10,021 करोड़ से अधिक की वित्तीय मंजूरी

रायपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों को बुनियादी सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत छत्तीसगढ़ सहित देश के 12 राज्यों के लिए 10,021 करोड़ रुपये से अधिक की राशि (मदर सैंक्शन) स्वीकृत की है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार के इस फैसले का पुरजोर स्वागत किया है। उन्होंने इसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने और गरीब कल्याण के संकल्प को सिद्ध करने वाला एक ऐतिहासिक निर्णय बताया।
हर गरीब को पक्का मकान देने की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश के हर जरूरतमंद परिवार को अपनी पक्की छत देने का संकल्प अब जमीनी स्तर पर तेजी से पूरा हो रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र से मिली इस बड़ी वित्तीय मदद के बाद ग्रामीण इलाकों में रहने वाले गरीब परिवारों के जीवन स्तर में बड़ा और सकारात्मक सुधार आएगा। इस राशि की मदद से छत्तीसगढ़ के हजारों परिवारों का अपने खुद के पक्के घर का सपना अब बहुत जल्द सच होने जा रहा है।
पक्का घर: केवल छत नहीं, सामाजिक सम्मान का आधार
योजना के महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वंचित परिवारों को समाज में सुरक्षा, गरिमा और एक नया आत्मविश्वास देने वाली योजना है। एक पक्का मकान किसी भी परिवार के सुरक्षित भविष्य और बेहतर जीवन की बुनियाद होता है। इस राशि के जारी होने से राज्य में पात्र लाभार्थियों को समय पर और बिना किसी रुकावट के योजना का लाभ मिल सकेगा।
डबल इंजन सरकार का लक्ष्य: पारदर्शिता और अंत्योदय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन सरकार’ का एकमात्र लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश का कोई भी पात्र व्यक्ति या परिवार आवास जैसी बुनियादी जरूरत से वंचित न रहे। राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
छत्तीसगढ़ को इस विशेष पहल का हिस्सा बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के इस आपसी तालमेल से छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और तेजी से होगा।
















