मिथुन चक्रवर्ती की हाथ की सर्जरी रही सफल, शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल जाकर जाना हाल

नई दिल्ली (एजेंसी)। मशहूर अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी के नेता मिथुन चक्रवर्ती की हाथ की सफल सर्जरी हुई है। कोलकाता के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनके हाथ में पहले से लगी मेटल प्लेट को निकालने के लिए यह प्रक्रिया पूरी की। चिकित्सकीय सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन कामयाब रहा है और फिलहाल अभिनेता की स्थिति पूरी तरह स्थिर है। डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल जाना। उन्होंने अभिनेता के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।
गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2024 में भी मिथुन चक्रवर्ती को हाथ की ऑर्थोपेडिक समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था, जब उनके हाथ में यह मेटल प्लेट लगाई गई थी।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने वाले मिथुन चक्रवर्ती हालिया विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी के प्रमुख प्रचारकों में शामिल रहे थे। उनकी सफल सर्जरी और स्थिर हालत की खबर से उनके समर्थकों और प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है। डॉक्टरों की अगली सलाह के बाद ही उनके अस्पताल से डिस्चार्ज होने और दिनचर्या में लौटने पर फैसला लिया जाएगा।
















