मध्यप्रदेश

राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स : एमपी के कृष्ण चंद्र ने भाला फेंक में रचा इतिहास, शिवानी को मिला कांस्य

भोपाल (एजेंसी)। लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में 1 से 3 सितंबर तक आयोजित 21वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के एथलीटों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अकादमी के 17 वर्षीय भाला फेंक खिलाड़ी कृष्ण चंद्र ने पुरुष वर्ग में 79.92 मीटर दूर भाला फेंककर नया मीट रिकॉर्ड अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग के जैवलिन थ्रो में शिवानी पटेल ने 49.35 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक हासिल किया, जबकि शाहिबा बानो 48.75 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहीं।

कृष्ण चंद्र का रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन

कोच मोहम्मद हदीश की देखरेख में अभ्यास कर रहे कृष्ण चंद्र ने अपने पहले ही प्रयास में 79.92 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो फेंका। उनका चौथा थ्रो 78.15 मीटर रहा, जो कि पुराने मीट रिकॉर्ड से भी बेहतर था। कमर में खिंचाव और दर्द के बावजूद उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। इस शानदार प्रदर्शन के बाद आगामी यूथ ओलंपिक गेम्स के लिए उनके चयन की संभावनाएं काफी मजबूत मानी जा रही हैं, हालांकि भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) द्वारा आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

बालिका वर्ग में पदकों पर निशाना

बालिका जैवलिन थ्रो स्पर्धा में शिवानी पटेल ने अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए 49.35 मीटर के थ्रो के साथ तीसरा स्थान और कांस्य पदक पक्का किया। इसी मुकाबले में अकादमी की शाहिबा बानो ने 48.75 मीटर थ्रो के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया।

खेल मंत्री ने दी शुभकामनाएं

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी सफल एथलीटों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button