छत्तीसगढ़

पीएम आवास योजना : रायपुर प्रेस क्लब में भिड़ेंगे डिप्टी सीएम विजय शर्मा और भूपेश बघेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना पर जारी सियासी जंग अब सीधे बहस के मंच तक पहुँच गई है। राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर प्रेस क्लब में इस मुद्दे पर आमने-सामने होंगे। डिप्टी सीएम शर्मा द्वारा दिए गए डिबेट के चैलेंज को भूपेश बघेल ने स्वीकार कर लिया है।

आंकड़ों और दावों का विवाद

दोनों नेताओं के बीच योजना के क्रियान्वयन और आंकड़ों को लेकर मुख्य मतभेद है:

विजय शर्मा का दावा: राज्य में सवा 11 लाख से अधिक पीएम आवास बन चुके हैं और हाल ही में 2 लाख से ज्यादा लाभार्थियों का गृहप्रवेश कराया गया है। उनका कहना है कि केंद्र सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 24.54 लाख मकानों की मंजूरी दी, जिनमें से 20.41 लाख बन चुके हैं—इनमें 11 लाख से अधिक मकान पिछले ढाई सालों (2023-2026) में तैयार हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर अपनी नाकामियां छिपाने का आरोप लगाया।

भूपेश बघेल का पक्ष: भूपेश बघेल का तर्क है कि कांग्रेस शासनकाल में 18.45 लाख आवास स्वीकृत हुए थे और 11 लाख से ज्यादा मकान बनकर तैयार हो चुके थे। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार के आंकड़ों में गलत तरीके से इसे केवल 9.81 लाख दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि न सिर्फ वे, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

पीएम आवास का मुद्दा छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया नहीं है। तत्कालीन भूपेश सरकार के दौरान राज्य अंश की राशि जारी न होने को लेकर तत्कालीन पंचायत मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने अपने पद से इस्तीफा तक दे दिया था। विधानसभा से लेकर सड़कों तक यह विषय लगातार हावी रहा है, और हाल ही में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सक्ती में एक कार्यक्रम के दौरान इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा था।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button