छत्तीसगढ़

कवर्धा के सिंघनपुरी में रेस्क्यू : वन और पुलिस टीम ने तेंदुए को किया ट्रेंक्यूलाइज, भेजा अभयारण्य

कवर्धा । कवर्धा वन मंडल के अंतर्गत आने वाले गांव सिंघनपुरी में गुरुवार सुबह खेतों के पास तेंदुआ मिलने की खबर से हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सतर्कता दिखाते हुए सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।

घटना की सूचना पर कवर्धा और भोरमदेव अभयारण्य के वन अधिकारियों समेत कवर्धा व राजनवागांव थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिहाज से सबसे पहले इलाके को घेरा गया और गांव के लोगों को दूर रहने की सलाह देकर भीड़ पर काबू पाया गया, जिससे किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सका।

इसके बाद रायपुर से आई डॉक्टरों और वन्यजीव एक्सपर्ट्स की विशेष टीम ने स्थिति का जायजा लेकर दोपहर करीब 1:42 बजे तेंदुए को बेहोशी का इंजेक्शन (ट्रैंक्विलाइजर डार्ट) लगाकर सुरक्षित कब्जे में लिया।

जांच में तेंदुए की उम्र लगभग 8 साल बताई जा रही है। मौके पर ही पशु चिकित्सकों ने उसकी जांच और प्राथमिक इलाज किया। इसके बाद आगे की देखभाल के लिए उसे भोरमदेव वन्यजीव अभयारण्य भेज दिया गया है। डॉक्टरों की मंजूरी और पूरी तरह ठीक होने के बाद तेंदुए को दोबारा उसके प्राकृतिक जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

वन विभाग ने रेस्क्यू में मदद के लिए ग्रामीणों का आभार जताया और अपील की कि वन्यजीव दिखने पर घबराने या भीड़ जुटाने के बजाय तुरंत प्रशासन को खबर करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button