राष्ट्रसेवी स्व. अशोक सिंहल का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल (एजेंसी)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व शीर्ष नेता और प्रखर राष्ट्रवादी स्व. अशोक सिंहल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकता के क्षेत्र में उनका अमूल्य योगदान हमेशा याद किया जाएगा। नए रवींद्र भवन सभागार में आयोजित स्व. अशोक सिंहल के जन्म शताब्दी समारोह के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार विहिप के इस शताब्दी वर्ष आयोजनों तथा सामाजिक समरसता अभियानों में पूर्ण सहयोग करेगी।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि स्व. सिंहल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी राष्ट्रहित और सुशासन के पथ पर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया था। उन्होंने कहा कि जिस दौर में देश कई सामाजिक चुनौतियों से जूझ रहा था, उस समय अशोक सिंहल ने समाज को एकसूत्र में पिरोने और भारतीय संस्कृति व जातिगत सौहार्द को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक प्रयास किए। आज देश में अनुच्छेद 370 का हटना, नक्सलवाद व आतंकवाद पर अंकुश और तीव्र विकास इसी वैचारिक यात्रा का परिणाम है। मध्यप्रदेश में ‘एक राष्ट्र, एक विधान, एक निशान’ की भावना के तहत समान नागरिक संहिता (UCC) की दिशा में पहल की गई है, जिसे समाज का व्यापक समर्थन मिला है।
पशुपालन, गौ-संरक्षण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में गौ-संरक्षण और पशुपालन को बढ़ावा देने की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य में ‘घर-घर गोपाल’ की अवधारणा तेजी से आकार ले रही है। बड़े पैमाने पर गौशालाओं का निर्माण, कांजी हाउसों को देखभाल केंद्रों में बदलना और वृद्ध गौवंश के लिए पर्याप्त आहार सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष किसानों और पशुपालकों को उन्नत गिर नस्ल की देशी बछिया वितरित करने का लक्ष्य तय किया गया है।
सांस्कृतिक चेतना का उल्लेख करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के बाद अब मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण के धाम का वैभव पुनस्थापित होगा। प्रदेश में जन्माष्टमी और गोवर्धन पूजा जैसे पर्व अब जन-भागीदारी से धूमधाम से मनाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में गणमान्य जनों की उपस्थिति
इस अवसर पर गुफा मंदिर धाम भोपाल के श्री रामप्रवेश देवाचार्य महाराज, करुणाधाम आश्रम के सुदेश शांडिल्य महाराज, विहिप के केंद्रीय सह-संगठन महामंत्री विनायक राव देशपांडे, वाल्मीकि महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चौधरी ओ.पी. गोदिया और म.प्र. वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में संघ चालक अशोक पांडे, पूज्य बुद्ध भूषण भदंत (रानी कमलापति बुद्ध विहार), विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
















