छत्तीसगढ़

स्वच्छ छत्तीसगढ़ : डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने जन्मदिन पर दिया कचरा प्रबंधन का मूलमंत्र, नियमों का उल्लंघन करने पर लगेगा जुर्माना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने अपने जन्मदिन के मौके पर प्रदेश की जनता से राज्य को स्वच्छ बनाने की एक खास अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता को एक व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझें और इसे एक बड़े जनआंदोलन में बदलें। उपमुख्यमंत्री का मानना है कि एक साफ-सुथरा गांव ही तंदुरुस्त, खुशहाल और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण कर सकता है। इसी दिशा में उन्होंने सभी से ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026’ को सख्ती से अपनाने की बात कही।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे देश ने शौचालय निर्माण को एक मिशन बनाया, ठीक वैसे ही अब हर घर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करने की आदत डालनी होगी।

चार श्रेणियों में बंटेगा घर का कचरा: जानें किस डिब्बे में क्या जाएगा

प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम उठाते हुए जिला पंचायत ने शुरुआती चरण में 60 ग्राम पंचायतों में कचरे को स्रोत (घर) पर ही अलग करना अनिवार्य कर दिया है। ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए चार अलग-अलग रंगों के डस्टबिन का फॉर्मूला तैयार किया गया है:

हरा डिब्बा: रसोई का गीला और जैविक कचरा।

नीला डिब्बा: प्लास्टिक, कागज जैसी सूखी सामग्रियां।

लाल डिब्बा: सेनेटरी पैड, डायपर और अन्य खतरनाक वेस्ट।

काला डिब्बा: पुराना या खराब हो चुका इलेक्ट्रॉनिक सामान (ई-वेस्ट)।

महत्वपूर्ण नियम: नए नियमों के मुताबिक, यदि कोई परिवार मिलाकर (मिश्रित) कचरा देता है, तो इसे दंडनीय अपराध माना जाएगा और उन पर कार्रवाई हो सकती है। इसके अलावा, गांवों में स्वच्छता समितियों का गठन कर गीले कचरे से जैविक खाद बनाने और सूखे कचरे को रीसायकल करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

‘स्वच्छ छत्तीसगढ़, स्वस्थ छत्तीसगढ़’ का संकल्प

डिप्टी सीएम ने जोर देकर कहा कि अगर हर नागरिक अपने घर से कचरा अलग करके देना शुरू कर दे, तो गांवों को संक्रामक बीमारियों से बचाया जा सकता है और पर्यावरण को भी सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने सभी से ‘स्वच्छ छत्तीसगढ़, स्वस्थ छत्तीसगढ़’ के सपने को सच करने में अपना योगदान देने को कहा।

इस अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व में ‘स्वच्छता दीदियां’ घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला समन्वयक संजय सोनी ने भरोसा जताया कि उपमुख्यमंत्री की इस मुहिम से ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026’ को ग्रामीण इलाकों में पूरी मुस्तैदी से लागू करने में बड़ी मदद मिलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button