भ्रष्टाचार पर साय सरकार का कड़ा रुख : खाद घोटाले में लापरवाही बरतने वाले बैंक मैनेजर सस्पेंड

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार प्रदेश में पारदर्शी और जवाबदेह शासन को लेकर बेहद सख्त नजर आ रही है। इसी कड़ी में सुशासन तिहार 2026 के मंच से मिली जनशिकायतों पर त्वरित एक्शन लेते हुए एक बड़ी कार्रवाई की गई है। कोरिया जिले के खड़गवां अंतर्गत जिल्दा समिति में हुए खाद वितरण घोटाले के मामले में ढुलमुल रवैया अपनाने वाले प्रभारी शाखा प्रबंधक व नोडल अधिकारी कल्लू प्रसाद मिश्रा को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र से खाद वितरण में धांधली और गबन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जब पूरे मामले की समीक्षा की गई, तो जांच और कार्रवाई में बैंक स्तर पर भारी लापरवाही और ढिलाई सामने आई। इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत नापने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के कड़े रुख के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, अंबिकापुर के सीईओ ने आदेश जारी कर सहायक लेखापाल व प्रभारी ब्रांच मैनेजर कल्लू प्रसाद मिश्रा को तत्काल निलंबित कर दिया। सस्पेंशन पीरियड के दौरान उनका मुख्यालय जिला कोरिया की बैकुंठपुर शाखा तय किया गया है।
ज़ीरो टॉलरेंस की नीति: साय सरकार ने साफ कर दिया है कि जनता के हक पर डाका डालने वालों और उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गड़बड़ी की शिकायत मिलते ही हो रहा यह त्वरित एक्शन शासन के प्रति आम जनता के भरोसे को और मजबूत कर रहा है।
















