छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान : 68 वर्षीय सोमारू राम की आंखों में लौटी रौशनी, फिर से सँभाला खेती का काम

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा चलाए जा रहे ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ की बदौलत दूरस्थ ग्रामीण इलाकों के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड स्थित ग्राम छापरभानपुरी के 68 वर्षीय बुजुर्ग सोमारू राम इसका जीता-जागता उदाहरण हैं, जिनकी आँखों का सफल ऑपरेशन कर उन्हें दोबारा दृष्टि प्रदान की गई है।

मोतियाबिंद के कारण खो चुकी थी आँखों की दृष्टि

कुछ समय पूर्व तक सोमारू राम दोनों आँखों में मोतियाबिंद की समस्या से ग्रस्त थे, जिसके कारण उनकी दृष्टि पूरी तरह चली गई थी। चलने-फिरने के लिए लाठी और हर छोटे-बड़े कार्य के लिए परिजनों पर निर्भर रहने की मजबूरी ने उनका मनोबल तोड़ दिया था।

स्क्रीनिंग में पहचान और त्वरित उपचार

अभियान के तहत चलाए जा रहे यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छापरभानपुरी के नेत्र सहायक अधिकारी श्री सुदीप प्रमाणिक ने सोमारू राम के आँखों की जाँच की। मोतियाबिंद की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिना विलंब किए रेफरल प्रक्रिया पूरी की और उनका सुरक्षित ऑपरेशन सुनिश्चित कराया।

स्वावलंबन और आत्म-विश्वास की नई शुरुआत

सफल शल्य चिकित्सा (ऑपरेशन) के बाद सोमारू राम की दृष्टि पूरी तरह वापस आ गई है। अब वे बिना किसी छड़ी या सहारे के सामान्य रूप से आवाजाही कर रहे हैं। न केवल वे अपने दैनिक कार्य खुद निपटा रहे हैं, बल्कि खेती-किसानी और घर के निर्माण कार्यों में भी हाथ बँटा रहे हैं।

सोमारू राम ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए शासन तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आँखों का प्रकाश लौटने से उनके जीवन में नई उम्मीद और जीने की खुशी वापस आ गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button