नवा रायपुर बनेगा नया बिजनेस व हॉस्पिटैलिटी हब : IHCL शुरू करेगा ‘जिंजर होटल’

रायपुर। नवा रायपुर (अटल नगर) की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती साख और निवेशकों के भरोसे के बीच क्षेत्र को एक नई सौगात मिलने जा रही है। देश की जानी-मानी हॉस्पिटैलिटी श्रृंखला ‘इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड’ (IHCL) ने यहाँ अपना नया ‘जिंजर होटल’ स्थापित करने की घोषणा की है। इस प्रोजेक्ट को ECHT Ventures के साथ साझेदारी में एक ब्राउनफील्ड परियोजना के तहत तैयार किया जाएगा।
निवेश और विकास का प्रतीक: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रतिष्ठित ब्रांड्स का नवा रायपुर का रुख करना यह दर्शाता है कि राज्य में निवेश का माहौल मजबूत हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार नवा रायपुर को केवल प्रशासनिक गतिविधियों तक सीमित न रखकर इसे व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार का एक आधुनिक केंद्र बना रही है। यहाँ विश्वस्तरीय हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं के आने से आर्थिक गतिविधियों को तेज रफ्तार मिलेगी।
मजबूत होगा हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम: ओपी चौधरी
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ती कॉर्पोरेट गतिविधियों और शैक्षणिक व व्यापारिक संस्थानों के कारण गुणवत्तापूर्ण प्रवास की मांग बढ़ी है। जिंजर होटल की मौजूदगी शहर के बिजनेस इकोसिस्टम को नया आधार देगी और बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों व पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराएगी।
जिंजर नवा रायपुर की प्रमुख विशेषताएं:
कमरों की संख्या: 111 सर्वसुविधायुक्त एवं आधुनिक कमरे
डाइनिंग: IHCL का सिग्नेचर ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट ‘Qmin’
अतिरिक्त सुविधाएं: आधुनिक मीटिंग रूम्स और फिटनेस सेंटर
लक्षित वर्ग: कॉर्पोरेट ट्रैवलर्स, उद्यमी और पर्यटक
















