कबीरधाम के ‘चंडालपुर’ का बदला नाम, अब ‘चंदनपुर’ के रूप में जाना जाएगा गांव

रायपुर। कबीरधाम जिले के निवासियों की एक लंबी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। राज्य सरकार ने ग्राम ‘चंडालपुर’ का नाम आधिकारिक तौर पर बदलकर ‘चंदनपुर’ कर दिया है। शुक्रवार देर रात भारी बारिश के बीच प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वयं इस निर्णय से संबंधित शासकीय राजपत्र (गज़ट) की प्रति लेकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को नया नाम मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
नाम परिवर्तन के इस अवसर पर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया। उप मुख्यमंत्री ने इस मौके पर गांव के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 11.70 लाख रुपये के विकास कार्यों (सीसी रोड और सामुदायिक भवन) की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि ग्रामीणों को अपने पहचान पत्रों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों में नए नाम के अनुसार संशोधन कराने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, इसके लिए गांव में ही एक विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि किसी गांव का नाम सिर्फ उसकी भौगोलिक पहचान नहीं होता, बल्कि उससे वहां की जनभावनाएं, संस्कृति और इतिहास जुड़ा होता है। मंत्रिमंडल की चर्चा और राज्यपाल की स्वीकृति के बाद इस नाम परिवर्तन को राजपत्र में अधिसूचित कर दिया गया है। अब सभी सरकारी रिकॉर्ड्स और वेब पोर्टल्स पर यह गांव ‘चंदनपुर’ के नाम से ही दर्ज रहेगा।
















