आंगन मिलन सेवा’ का आगाज : प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में छाया उत्सव का माहौल, पहले ही दिन 97 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुरू की गई ‘आंगन मिलन सेवा’ के पहले ही दिन राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रदेश के 2,262 अलग-अलग स्थानों पर कुल 12,698 तरह की गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें 97,471 से अधिक नागरिकों और लाभार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुंगेली जिले के मदकू क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए और लोगों को बेहतर पोषण का संदेश दिया।
आयोजन के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं का पारंपरिक स्वागत किया गया। इसके साथ ही, स्थानीय स्तर पर मिलने वाली हरी सब्जियों, दालों और अन्य पौष्टिक सामग्रियों से तैयार ‘सुपोषित थाली’ का प्रदर्शन कर परिवारों को संतुलित आहार के महत्व से अवगत कराया गया। इस चर्चा में बच्चों के अभिभावकों ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और अपने अनुभव बांटे।
कार्यक्रम में ‘महतारी वंदन योजना’ और ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ की महिला लाभार्थियों ने बताया कि सरकारी वित्तीय सहायता से वे अपने परिवार की सेहत और जरूरतों का बेहतर ध्यान रख पा रही हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समुदाय को आंगनबाड़ी व्यवस्था से जोड़कर बच्चों व माताओं के स्वास्थ्य और पोषण को समाज की साझी जिम्मेदारी बनाना है।
















