महानवमी पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ के पूजा पंडालों में टेका माथा, प्रदेश की खुशहाली के लिए मांगी दुआएं

रायपुर। शारदीय नवरात्रि की महानवमी के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने माँ दुर्गा के दर्शन कर पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-याचना की और देवी भगवती से राज्य के नागरिकों की सुख, शांति, समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना की। इस मौके पर उन्होंने पंडालों में उपस्थित श्रद्धालुओं से बातचीत कर उन्हें महानवमी की बधाइयां दीं।
माता की महिमा का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि नवरात्रि का त्योहार शक्ति, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचय करने का माध्यम है। देवी दुर्गा की उपासना हमें समाज कल्याण, साहस और भाईचारे के साथ जीवन पथ पर आगे बढ़ने का मार्ग दिखाती है। सनातन परंपरा में आदिशक्ति की पूजा का विशेष स्थान है, जो हमारी सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक धरोहर को और अधिक मजबूत बनाती है।
उन्होंने आगे कहा कि रायगढ़ और पूरे प्रदेश भर में नवरात्रि के दौरान भक्ति और उल्लास का अनूठा माहौल दिखाई देता है। विभिन्न पंडालों में जुटने वाली जनमेदिनी और उनका सामूहिक उत्साह हमारी जीवंत धार्मिक परंपराओं को रेखांकित करता है।
अंत में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कामना की कि माँ जगदम्बा की कृपा से छत्तीसगढ़ लगातार तरक्की और खुशहाली के नए आयाम गढ़े तथा सभी नागरिकों पर देवी माँ का आशीर्वाद सदैव बना रहे।
















