एशियन गेम्स 2026 : कोरबा की संजू देवी का स्वर्णिम प्रदर्शन, सीएम विष्णु देव साय ने फोन पर दी बधाई

रायपुर। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 के महिला कबड्डी फाइनल में भारतीय टीम ने ईरान को पछाड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की होनहार खिलाड़ी संजू देवी ने अहम भूमिका निभाई।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 26 सितंबर को संजू देवी से फोन पर सीधा संवाद किया और उन्हें इस शानदार सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने संजू देवी के खेल कौशल और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी इस स्वर्णिम यात्रा से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स जैसे वैश्विक मंच पर संजू देवी का प्रदर्शन प्रदेश के छोटे कस्बों और ग्रामीण अंचलों के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन बनेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी के साथ-साथ पूरी भारतीय महिला कबड्डी टीम, कोच और सहयोगी स्टाफ को भी इस जीत पर बधाई दी और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
















